मड़िहान के कंचन पुर के पास हादसे के बाद लगी भीड़। सोशल मीडिया
- फोटो : Archive
पटेहरा। मड़िहान थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव के पास बुधवार की रात तेज रफ्तार ट्रक ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मृतकों के शव क्षत-विक्षत हो गए और बाइक के परखचे उड़ गए। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया।
सोनभद्र जिले के घोरावल थाना क्षेत्र के उम्भा सेमरी गांव निवासी संजय (18) ने बताया कि वह अपने साथी रामपोश (21) के साथ एक बाइक से मिर्जापुर जा रहा था। दूसरी बाइक पर गांव के ही बुद्धिमान (32) पुत्र राधेश्याम, महेश (35) पुत्र सूरजभान और राजेश (37) सवार थे। रात करीब आठ बजे दीपनगर-पटेहरा संपर्क मार्ग पर कंचनपुर गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दूसरी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बुद्धिमान और महेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
संजय ने बताया कि उनकी बाइक मृतकों की बाइक से करीब 500 मीटर पीछे थी। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची मड़िहान पुलिस ने घायल राजेश को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। थानाध्यक्ष नवीन कुमार तिवारी ने बताया कि हादसे में दो युवकों की मौत हुई है, जबकि एक घायल है।