जिगना और अहरौरा इलाके में हादसों के दौरान दो युवकों की मौत हो गई। इसमें एक बोलेरो की चपेट में आ गया, जबकि दूसरा बस के नीचे आ गया। कटरा कोतवाली क्षेत्र के बाजीराव कटरा मोहल्ला निवासी उदय वर्मा (30) पुपली का थोक व्यापारी है। रविवार को वह इलाहाबाद पुपली का थोक आर्डर देने गया था।
लौटते समय शाम करीब सात बजे बाइक सवार जिगना तथा इलाहाबाद की सीमा ऊंचडीह के पास पहुंचा कि सामने से आ रही बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोग उसे पास एक निजी चिकित्सालय ले गए। हालत गंभीर होते देख उसे जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
अहरौरा संवाददाता के अनुसार चंदौली के शिकारगंज क्षेत्र के कुसही निवासी जय सिंह (50) पुत्र रामदेव अपने भाई भागवत के साथ रविवार को चुनार निवासी एक रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने आया था। रविवार देर रात नरायनपुर से सोनभद्र की ओर जा रही एक बस से घर लौट रहा था। जैसे ही बस अहरौरा थाना क्षेत्र के मेहंदीपुर चौराहे के पास पहुंची, चलती बस से वह नीचे उतर गया। इससे संतुलन बिगड़ गया और बस के नीचे चला गया। बस से दबकर उसकी मौत हो गई।