मिर्जापुर। देहात कोतवाली पुलिस ने करनपुर पेट्रोल पंप के पास से वाहन चोरी करने वाले गिरोह के दो इनामी बदमाशों को चोरी की 12 बाइकों के साथ गिरफ्तार किया है।
यह जानकारी पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने सोमवार को पुलिस लाइन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने बताया कि देहात कोतवाली पुलिस सोमवार को सुबह करनपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास वाहनों की जांच कर रही थी। उस दौरान चोरी की बाइक के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति नीरज मौर्या निवासी बलमपुर थाना ड्रमंडगंज को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कुछ अन्य साथियों के साथ मिलकर बाइक चोरी कर नंबर प्लेट बदलकर बेच देता है। उसकी निशानदेही पर भैंसासुर मंदिर के पास झाड़ियों में छुपाकर रखी 11 बाइक बरामद की गई। इसके अलावा दूसरे आरोपी मकसूद आलम निवासी ग्राम अमदह थाना ड्रमंडगंज को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि दोनाें आरोपी 25-25 हजार के इनामी हैं। पूछताछ में बताया कि इनका एक संगठित गिरोह है। जो बाइक चोरी कर बिक्री करने का काम करता है। आरोपियों ने बताया कि वे अन्य साथियों के साथ मिलकर मिर्जापुर सहित आस-पास के जिलों और सीमावर्ती प्रांत से बाइक चोरी करते हैं। चोरी की बाइक का चेचिस नंबर, इंजन नंबर और नंबर प्लेट आदि बदलकर ग्राहकों की तलाश कर बिक्री करते हैं। उससे प्राप्त धनराशि आपस में बांट लेते हैं।