विशुनपरा स्थित पंचायत भवन परिसर के बने अखाड़े में दांवपेंच आजमाते पहलवान।-सोशल मीडिया।
भावां। हरतालिका तीज पर राजगढ़ थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव स्थित पंचायत भवन परिसर में मंगलवार को कुश्ती दंगल हुआ। इसमें अंतरजनपदीय पहलवानों ने जोर आजमाइश की। प्रतियोगिता में 20 कुश्तियां हुईं।
फाइनल मुकाबला मिर्जापुर के पहलवान शिवशंकर और चंदौली के अभय पहलवान के बीच हुआ। दोनों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ लेकिन निर्धारित समय तक कोई भी पहलवान दूसरे को चित नहीं कर सका।
मुकाबला बराबरी पर छूटा। फाइनल के लिए निर्धारित पांच हजार रुपये की इनामी राशि दोनों पहलवानों में ढाई-ढाई हजार रुपये बांट दी गई।
दंगल का शुभारंभ ग्राम प्रशासक रामदुलार ने दोनों पहलवानों का हाथ मिलाकर कराया। रेफरी की भूमिका कल्लू ने निभाई। दंगल देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्र के काफी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।