बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने अपने अंदाज में भाजपा पर जमकर हमला बोला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह उनके निशाने पर रहे। मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का जुड़वा भाई बताया आैर कहा कि नरेंद्र मोदी ने झूठ बोल कर, झांसा देकर केेंद्र में सरकार बना ली लेकिन दो साल में ही उनके वादों की हवा निकल गई। पकसियार सुरहा के गुरु कार्षिण महाविद्यालय में मंगलवार को हुई सभा में उन्होंने मड़िहान के कांग्रेस प्रत्याशी ललितेशपति त्रिपाठी तथा चुनार के सपा प्रत्याशी जगतंबा सिंह पटेल को समर्थन देने की अपील की।
सभा में लालू पूरे रौ में दिखे। प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि ज्यादा तेज बोलेंगे तो नस फट जाएगी। कहा मोदी ने विदेश से कालाधन लाकर 15-15 लाख रुपये गरीबों के खाते में जमा करने का वादा किया था लेकिन किसी के खाते में कुछ नहीं आया। भाजपा को जुमला पार्टी बताते हुए कहा कि पूरे देश में लालटेन लेकर घूमा लेकिन कहीं अच्छे दिन नहीं दिखे।
कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को पता है कि यूपी में बीजेपी की हालत खस्ता है। यहां सपा-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनने जा रही है तो अब वे पूरे प्रदेश को गाली दे रहे हैं। कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी अच्छे भले थे। मोदी, अमित शाह ने उन्हें कौन सी दवा देकर अस्वस्थ कर दिया है, इसकी जांच होनी चाहिए। गांधी का नाम जप रहे मोदी ने खादी के कैलेंडर पर गांधीजी की जगह अपना चित्र लगवा दिया।
सभा को पूर्व मंत्री राम किशोर बिंद, पूर्व सांसद अनु टंडन, शिवशंकर यादव, अशोक सिंह ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता पूर्व विधान परिषद सदस्य राजेशपति त्रिपाठी तथा संचालन दयाशंकर पांडेय ने की। राकेश श्रीवास्तव, भोला यादव, रणजीत यादव, प्रमोद केशरी, ओमकार यादव, बनारसी सिंह, भगवानदास प्रजापति, रमेश सिंह, दूधनाथ गुप्ता, गुलाब पांडेय, नीलम मिश्रा, सोनावर खां, संदीप सिंह आदि उपस्थित रहे।