नरायनपुर। वाराणसी-मिर्जापुर मार्ग पर अदलहाट थाना क्षेत्र के सिकिया मोड़ के पास शनिवार की रात आठ बजे सवारी उतार रहे ऑटो पर सोनभद्र से आ रहा तेज रफ्तार राखड़ लदा ट्रक पलट गया। घायलों को निकालते समय ऑटो में सीएनजी सिलिंडर में विस्फोट हो गया। जेसीबी की सहायता से राखड़ को हटाकर ऑटो सवार लोगों को निकाला गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन घायलों को ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
मृतकों में अंजाना (53) निवासी रमना थाना लंका वाराणसी और मोहन राजभर (56) पुत्र गुल्लू राम निवासी रमना थाना लंका वाराणसी शामिल हैं। दोनों लोग अदलहाट थाना क्षेत्र के बाराडीह में बहूभोज कार्यक्रम से शामिल होकर वाराणसी लौट रहे थे। देर रात परिजनों ने मौके पर पहुंचकर फोटो से पहचान की। तीसरे शव की पहचान नहीं हो सकी थी।
ऑटो चालक पांच सवारियों को लेकर अदलहाट से नारायणपुर की ओर जा रहा था। सिकिया अंधा मोड़ के पास ऑटो रोककर एक सवारी उतर रही थी। तभी पीछे से सोनभद्र से आ रहा राखड़ लगा ट्रक अनियंत्रित होकर ऑटो पर पलट गया।
घटना के बाद आसपास के लोग बचाव के लिए पहुंचे। एक घायल को बाहर निकाला, तभी ऑटो का सीएनजी सिलिंडर फट गया। इससे धुआं फैल गया। सूचना पर अदलहाट थाने की पुलिस पहुंची। फिर एक शव निकाला गया। तीन जेसीबी बुलाकर राखड़ हटाकर दबे लोगों को निकालने का प्रयास शुरू हुआ। सूचना पर एसपी ऑपरेशन राजकुमार मीणा व सीओ चुनार गायत्री यादव भी पहुंची। राखड़ हटाकर घायलों को निकाला गया। रात 10 बजे जेसीबी से राखड़ हटाकर ट्रक को सीधा किया गया। इसके बाद दो शव और मिले। ऑटो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। मौके पर भीड़ जुटने से वाराणसी-मिर्जापुर मार्ग भी जाम हो गया।
-
हादसे में ये लोग हुए हैं घायल
हादसे में घायल ऑटो चालक बाबू सोनकर (22) पुत्र लक्ष्मण सोनकर निवासी कोदोपुर चुंगी रामनगर वाराणसी, के अलावा चुलबुल (14) पुत्री मोहम्मद अकरम निवासी फरीदपुर थाना अदलहाट, सहादत (18) पुत्र मोहम्मद अकरम निवासी फरीदपुर थाना अदलहाट को जमालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया गया। चुलबुल और सहादत भाई-बहन हैं। वहां से तीनों को ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। चुलबुल व सहादत मूल रूप से जौनपुर के हैं और अदलहाट में रहते हैं।
-
टार्च जलाकर बचाव में जुटे थे लोग
नरायनपुर। हादसे के समय मौके पर मौजूद सुजीत सिंह ने बताया मौके पर मोबाइल का टार्च जलवाकर बचाव कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान ऑटो के सीएनजी सिलिंडर में विस्फोट होने से अफरातफरी मच गई। ट्रक में दबने के कारण ऑटो चालक का पैर फंस गया था।
-
मकान बचाने के चलते बने अंधा मोड़ से हो रहा हादसा
नरायनपुर। ग्रामीणों ने बताया सिकिया मोड़ पर अंधा मोड़ होने के चलते आए दिन वाहन पलटता है। यह स्थान एक्सीडेंटल जोन के नाम से जाना जाता है। नरायनपुर से शक्तिनगर फोरलेन मार्ग निर्माण के दौरान एक व्यक्ति, जिसको मुआवजा भी दिया जा चुका था, उसके मकान को बचाने के लिए अंधा मोड़ बना दिया गया था।
-
जेसीबी के देर से आने का आरोप, कमेटी बनाकर कराई जाएगी हादसे की जांच
मिर्जापुर। हादसा होने के बाद सूचना मिलने पर टोल से सहायता के लिए जेसीबी आदि को जल्द मौके पर पहुंच कर राहत बचाव कार्य करना था। पर लोगों का आरोप है कि टोल से जेसीबी देर में आई। इस कारण बचाव कार्य शुरू करने में देर हुआ। जेसीबी समय से आती तो बचाव कार्य शुरू कर लोगों की जान बचाई जा सकती थी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने भी टोल कर्मियों पर नाराजगी जताई। मामले में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन राजकुमार मीणा ने बताया कि टोल से जेसीबी आई थी। हाइड्रा को आने में समय लगा। जेसीबी से रेस्क्यू कराया जा चुका है। हादसे की जांच के लिए कमेटी का गठन किया जाएगा। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
-
वर्जन ...
रात आठ बजे सिकिया मोड़ के पास सोनभद्र की ओर से आ रहा ट्रक ऑटो पर पलट गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और जेसीबी बुलाकर रेस्क्यू शुरू कराया गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। तीन घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। - राजकुमार मीणा, एएसपी ऑपरेशन।
-