कछवां। क्षेत्र के कटका पड़ाव के पास प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर रविवार की रात को ट्रक से उतर रहे चालक को दूसरे ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
बिजनौर के रेहड़ थाना क्षेत्र के टेरीपुर निवासी कुलदीप सिंह (54) पंजाब से बिस्कुट लादकर कोलकाता जा रहा था। कछवां थाना क्षेत्र के कटका गांव के पास ट्रक रोककर कुलदीप नीचे उतरा। इसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर कुलदीप की मौत हो गई। घटना की जानकारी पाकर पहुंची कछवां थाने की पुलिस ने ट्रक चालक के परिजनों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष रणविजय सिंह ने बताया कि ट्रक की टक्कर से चालक की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी चालक की खोजबीन की जा रही है।
सक्तेशगढ़। क्षेत्र के राजगढ़ कर्बला के पास रविवार की रात दो बजे सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्राॅली से एक बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजगढ़ पहुंचाया, जहां से डॉक्टर ने उसे ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया।
क्षेत्र के चौखड़ा गांव निवासी बिरजू (40) रविवार को देर रात बाइक से अपने घर जा रहा था। राजगढ़ गांव में कर्बला के पास मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग पर बोल्डर लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली खड़ी थी। रात में अंधेरे के कारण बिरजू की बाइक ट्रैक्टर-ट्राॅली में पीछे से टकरा ई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में ले लिया और घायल को अस्पताल पहुंचाया। संवाद