पटेहरा विकास खंड में सोमवार को शाम करीब चार बजे आए तेज आंधी के साथ हुई बारिश के बीच जवाहर नवोदय विद्यालय के गार्ड रूम पर पीपल का विशालकाय पेड़ टूटकर गिर पड़ा। पेड़ गिरने से गार्ड की चारपाई, बिस्तर व बाइक के साथ विद्यालय परिसर में आम, महुआ, पीपल समेत लगभग 20 पेड़, 14 विद्युत पोल, 13 सीसीटीवी कैमरे और चहारदीवारी भी ढह गई। विद्युत पोल टूटने से विद्यालय की विद्युत व्यवस्था चरमरा गई। जनरेटर होने के बावजूद विद्यालय परिसर में अंधेरा रहा। विद्यालय में तैनात गार्ड सहित अन्य कर्मचारियों को अंधेरे में ही रहना पड़ा। आंधी के दौरान जिस समय पेड़ गिरा, उस दौरान अश्वनी प्रसाद दूबे, बिहारी, गणेशचन्द शर्मा, सफाइकर्मी नंदू आदि किसी कार्य से बाहर निकल गए थे। अन्यथा अनहोनी भी घट सकती थी। आंधी का असर ब्लॉक परिसर में भी दिखा। तेज आंधी के चलते आधा दर्जन से अधिक छायादार वृक्षों की डालियां टूटकर गिर र्गइं। इससे काफी देर तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।