फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mirzapur News: हादसा कर भाग रहे ट्रेलर चालक ने बाइक सवार को कुचला, मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
अहरौरा। सड़क के किनारे पैदल चल रही महिला को टक्कर मारकर भाग रहे ट्रेलर चालक ने शनिवार को दोपहर में सोनबरसा के पास पीछा कर रहे बाइक सवार युवक को कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद भाग रहे ट्रेलर चालक को सड़क जाम कर पुलिस ने रोका। पुलिस ने चालक व खलासी को हिरासत में ले लिया। हादसे में घायल महिला को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया है। मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने अहरौरा-जमुई मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर कई थानों की पुलिस पहुंची। सीओ के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ।
विज्ञापन

जमुई मार्ग पर अहरौरा से इमलिया चट्टी की ओर तेज रफ्तार जा रहे खाली ट्रेलर ने शनिवार को दोपहर में सोनपुर पेट्रोल पंप के सामने कार, मैजिक व भूसा लदे ट्रैक्टर को टक्कर मार दिया। हादसे के बाद भागते हुए घबराहट में चालक ने भगौती देई गेट से थोड़ी दूरी पर सड़क के किनारे पैदल जा रही महिला मल्लो देवी (35) पत्नी प्यारेलाल निवासी करहिया चुनार को भी टक्कर मार दिया। रास्ते में राधेश्याम भी घायल हो गया। हादसे के बाद चालक भागने लगा। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस को फोन करके हादसे की जानकारी दी। घटना के समय मौके पर मौजूद सोनपुर निवासी भरत और गोविंद (28) पुत्र श्याम नारायण अपनी बाइक से उसका पीछा करने लगे। ममनिया निवासी गोविंद अपने साथी राहुल (23) पुत्र राजेश मौर्य को भी अपनी बाइक पर साथ बैठा लिया। पीछा करने के दौरान बाइक पर पीछे बैठे राहुल ट्रेलर पर चढ़ने के प्रयास में गेट पकड़ कर लटक गए। उसी बीच सोनबरसा के पास ट्रेलर को ओवरटेक करके बाइक चला रहे गोविंद ने आगे आकर अपनी बाइक रोक दी। इस पर ट्रेलर ने बाइक सवार गोविंद को कुचल दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद ट्रेलर लेकर चालक तेज रफ्तार भागते हुए इमलिया चट्टी पुलिस चौकी के पास पहुंचा। जहां पुलिस ने पिकअप जीप खड़ी करके सड़क जाम कर दिया। यह देखते ही ट्रेलर चालक ने अचानक ब्रेक मारा। इससे गेट पकड़ कर लटका राहुल भी गिरकर घायल हो गया। ट्रेलर के चालक व खलासी दोनों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दुर्घटना में घायल महिला मल्लो देवी को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। गोविंद आठ भाई-बहनों में सबसे छोटा था। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि ट्रेलर चालक व खलासी को हिरासत में ले लिया गया है। हादसे में मृत गोविंद के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। दुर्घटना के बाद मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने अहरौरा-जमुई मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही मौके पर अहरौरा, जमालपुर, अदलहाट, चुनार की पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी चुनार उमाशंकर सिंह व क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन अनिल कुमार पांडेय मौके पर पहुंच गए। इन अधिकारियों ने जाम लगाए लोगों को समझा कर किसी तरह जाम समाप्त कराया। सीओ नक्सल अनिल कुमार पांडेय का कहना है कि ट्रेलर चालक ने महिला को टक्कर मारा। इसके बाद भागने के दौरान टक्कर मारते हुए पीछा कर रहे बाइक सवार को कुचल दिया। इससे उसकी मौत हो गई। ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें