मिर्जापुर। आमघाट स्थित रेलवे क्राॅसिंग पर ऊपरगामी सेतु के निर्माण के चलते आवागमन 15 दिन पहले बंद हो गया है, परंतु अब बैरिकेडिंग कर दी गई है। इससे बाइक और साइकिल सवार भी आवागमन नहीं कर सकते हैं। आवागमन के लिए जिस वैकल्पिक मार्ग को प्रयोग में किया जा रहा है, वह क्षतिग्रस्त है। लोगों को उसी क्षतिग्रस्त सड़क से होकर आवागमन के लिए विवश होना पड़ रहा है।
आमघाट क्राॅसिंग पर ऊपरगामी सेतु के निर्माण के चलते रेलवे फाटक से 20 अप्रैल से आवागमन बंद कर दिया गया था। हालांकि इधर-उधर से बाइक अथवा साइकिल सवार निकल जाते थे। अब दोनों ओर टिन का बैरियर लगाकर रास्ते को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इससे क्राॅसिंग से होकर आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है। आवागमन के लिए लोगों को वैकल्पिक मार्ग भी बताया गया है। इसके तहत मिर्जापुर से चुनार की तरफ जाने वाले सभी वाहन बरौधा तिराहा, मुंहकुचवा होते हुए मिर्जापुर बाईपास होकर जाएंगे और चुनार से मिर्जापुर आने के लिए इसी मार्ग का उपयोग किया जाएगा। हल्के अथवा दो पहिया वाहन सवार बरौंधा होते हुए मुंहकुचवा तिराहे के बाईं तरफ आमघाट से मिलने वाली लिंक रोड का उपयोग कर सकेंगे। उधर, वाहन सवारों के लिए वैकल्पिक मार्ग के उपयोग का सुझाव तो दे दिया गया, परंतु सड़क क्षतिग्रस्त है। गड़बड़ा देवी मंदिर से राजपुर वाया मुंहकुचवा मार्ग क्षतिग्रस्त है। गड़बड़ा देवी मंदिर से राजपुर नहर तक एक किमी मार्ग पर 18 ब्रेकर हैं। मार्ग पर लोग जाम में फंस जाते हैं। लाेगाें का कहना है कि आमघाट पुल से आवागमन बंद किए जाने से पहले क्षतिग्रस्त वैकल्पिक मार्ग को दुरुस्त कर लेना चाहिए। सड़क क्षतिग्रस्त होने से सुबह के समय जाम के चलते स्कूली बच्चों को देर हो जाती है।