विंध्य हॉकर यूनियन के वार्षिक सम्मेलन में अधिवक्ता स्मृति गुप्ता को सम्मनित करते राष्ट्रीय म
मिर्जापुर। विंध्य हॉकर यूनियन का बृहस्पतिवार को नगर के सिटी क्लब के सभागार में वार्षिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पटरी व्यवसायियों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा, संगठनात्मक मजबूती और आगामी संघर्ष की दिशा तय करना रहा। मुख्य अतिथि नेशनल हॉकर फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव शक्तिमान घोष ने पटरी व्यवसायियों से जुड़े बुनियादी और लंबे समय से लंबित मुद्दों को गंभीरता से रखा। उन्होंने वेंडिंग जोन की अनुपलब्धता, वैध पहचान-पत्रों का न होना, पुनर्वास की स्पष्ट नीति के अभाव, नगर निकायों की मनमानी कार्यवाही व प्रशासनिक दबाव को पटरी व्यवसायियों की आजीविका के लिए सबसे बड़ा संकट बताया। कहा कि पटरी व्यवसायी किसी भी शहर की अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा है। उनके अधिकारों की अनदेखी न केवल अन्याय है, बल्कि कानून का भी उल्लंघन है। सम्मेलन के दौरान संगठन की वर्तमान स्थिति, सदस्यता विस्तार, स्थानीय स्तर पर संवाद व संघर्ष की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। वार्षिक अवसर पर संगठन से सक्रिय रूप से जुड़े साथियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अरुण सिंह, सुरेश कुमार त्रिपाठी, अरुण चंद्र पांडेय, मनीष सिंह, राजेश त्रिपाठी, आशीष गुप्ता, स्मृति गुप्ता,धीरज पांडेय, राहुल गुप्ता, आकाश आदि रहे।