मिर्जापुर। बुधवार की सुबह अचानक आसमान में उठे बादल फिर से आकाश में छा गए। आंधी-पानी की आशंका से किसान सहमे रहे। कहीं बूंदाबादी तो कहीं पर जमकर हुई बरसात से न सिर्फ सड़कों पर पानी भर गया बल्कि कुछ दुकानों में पानी घुसने से दुकानदार परेशान रहे। हलिया, क्षेत्र में बुधवार की शाम अचानक मौसम में आए बदलाव के साथ बारिश होने से कई स्थानों पर जलभराव हो गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संपर्क मार्ग पर भारी जलभराव से लोगो को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। इसी तरह माता चौरा मंदिर के बगल में स्थित एक जूता- चप्पल के दुकान में पानी भर गया। जल निकासी की व्यवस्था न होने से घरो व दुकानों में घूसे पानी बाल्टियों के सहारे बाहर करना पड़ा। मौसम पूर्वानुमान के आधार पर डीएसटी महामना जलवायु परिवर्तन केंद्र के समन्वयक एवं ग्रामीण कृषि मौसम सेवा बीएचयू वाराणसी के नोडल अधिकारी प्रो आर के मल्ल व तकनीकी अधिकारी (युवा मौसम वैज्ञानिक) शिव मंगल सिंह ने बताया आने वाले दिनों में आसमान में बादल बने रहेंगे। हवा की गति भी सामान्य से अधिक रहने व हल्की बारिश की संभावना जताई।