जिगना। मकान में आग लगने की सूचना पर पुलिस और अग्निशमन दल परेशान रहा। सूचना देने वाली महिला ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था। बुधवार की दोपहर एक बजे दिन मे एक महिला ने अपना नाम राधा निवासी रघईपुर थाना जिगना बताते हुए अग्निशमन दल को फोन किया कि मकान में आग लगी है और बच्चे उसी में फंसे हैं। इस सूचना पर जहां अग्निशमन दल के दो वाहन घटना स्थल के लिए रवाना हुए। कंट्रोल रूम की सूचना पर जिगना पुलिस भी रघईपुर गांव पहुंची तो वहां कहीं भी आग लगने की सूचना नहीं मिली। पुलिस आसपास के गांव में सूचना देने वाले का पता लगाना शुरू किया। कही भी घटना की सूचना नहीं मिला। तब तक अग्निशमन दल के दो वाहन भी पहुंचे और फोन करने वाली महिला के मोबाइल पर फोन किया तो वह बंद बताने लगा। पुलिस व अग्नि शमन दल के लोग लगभग डेढ़ घंटा हलाकान होने के बाद वापस चले गए। प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को मुख्यालय से रघईपुर में आग की सूचना मिली थी। तत्काल उपनिरीक्षक को भेजा गया। जहां पर इस तरह की कोई घटना घटित नहीं हुई है। सूचना देने वाली महिला अपना मोबाइल बंद कर दिया है।