नगर के कई मंदिरों में चल रहे पांच दिवसीय झूलनोत्सव के तीसरे दिन श्रद्घालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
श्री द्वारकाधीश जी महाराज मंदिर में सजाई गई श्री ठाकुर जी नयनाभिराम झांकी का दर्शन करने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। सुबह नौ से दोपहर बारह बजे तक शाम को नौ बजे से रात बारह बजे तक मंदिरों में नयनाभिराम झांकियों को देेखने नर-नारियों सहित बच्चों की भारी भीड़ जुटी रही।
मधुर भजनों से पूरा वातावरण भक्तमय हो रहा था।
नगर क्षेत्र के बुंदेलखंडी स्थित श्री द्वारकाधीश जी महाराज के मंदिर में चल रहे झूलनोत्सव के तीसरे दिन नगरवासियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
झूलनोत्सव के तहत मंदिर की तरह-तरह के आकर्षक फूलों से की गई सजावट एक अलौकिक छटा बिखेर रही थी। मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से संबंधित सजाई गई एक से बढ़कर एक झांकियों का दर्शन पाकर श्रद्घालु निहाल हो उठे।
बिजली के रंग बिरंगे झालरों से मंदिर की सजावट देखते ही बन रही थी।
श्री द्वारकाधीश जी महाराज के मंदिर में सजी श्रीराम दरबार की मनोहारी झांकीक के साथ ही भगवान श्रीकृष्ण की रासलीला की झांकियां दर्शकों को बरबस अपनी ओर खींच रही थी, वहीं गौ चराते भगवान श्रीकृष्ण और माखनचोर श्रीकृष्ण की मनोहारी झांकी भी भक्तों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रही।
मंदिर में श्री ठाकुर जी का फूलों से किया गया श्रृंगार दर्शन करने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। झूलनोत्सव के तहत मंदिरों में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
इस अवसर पर भक्तों के बीच प्रसाद का भी वितरण किया जा रहा था। उधर नगर के कई अन्य मंदिरों में चल रहे भव्य झांकियों को देखने बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे।