मिर्जापुर। मिर्जापुर रेलवे स्टेशन नवनिर्मित अनारक्षित काउंटर से टिकट वितरण बुधवार को शुरू हो गया। बुधवार को महिला यात्री से फीता कटवाकर इसका शुभारंभ कराया गया। अब पुराना टिकट काउंटर कक्ष टूट जाएगा। उसका प्रयोग रेलवे स्टेशन के प्रवेश द्वार के रूप में होगा।
अमृत भारत योजना के तहत करोड़ों रुपये की लागत से मिर्जापुर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प हो रहा है। स्टेशन के प्रवेश द्वारा से लेकर अंदर वेटिंग रूम तथा सुविधाएं बेहतर की जा रही हैं। स्टेशन के बाहर की दीवार पर बड़ी खिड़कियां लगाई जा रही है। प्रवेश द्वारा बनाया जा रहा है। जिस पर ओम लिखा रहेगा। अंदर प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर दुकानों को हटाकर अनारक्षित टिकट काउंटर और पूछताछ केंद्र बनाया गया है। शीशा लगाकर बनाए गए आकर्षक हाल में अनारक्षित टिकट काउंटर कक्ष का काम पूरा होने के बाद बुधवार को उसका शुभारंभ कर दिया गया। स्टेशन अधीक्षक रविंद्र कुमार ने महिला यात्री से फीता कटवाकर अनारक्षित टिकट काउंटर का शुभारंभ कराया। यहां सात काउंटर बने हैं। फिलहाल एक काउंटर टिकट वितरण के लिए और एक पूछताछ के लिए शुरू किया गया है। आगे जरूरत पड़ने पर बाकी काउंटर शुरू किए जाएंगे। पुराने अनारक्षित टिकट काउंटर कक्ष को तोड़ दिया जाएगा। इससे प्रवेश द्वार बड़ा हो जाएगा।