पटेहरा। संतनगर थाना क्षेत्र के बनकी गांव के सहरसा मौजा निवासी गुड्डी के खाते से सहज जनसेवा केंद्र संचालक ने पंजाब एंड सिंध बैंक के बीसी की मिलीभगत से केवाईसी के नाम पर अंगूठा लगवाकर 20 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़िता ने बताया कि मायके में शादी है। उसी में जाने के लिए दीपनगर स्थित एक बीसी पॉइंट पर पहुंची तो खाते में पैसा ही नहीं था। महिला को कुछ समझ में नहीं आया तो वह ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दीपक पटेल से आपबीती बताई। दीपक पटेल ने छानबीन कराई तो पता चला की महिला के पति की मौत के बाद पटेहरा स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक के बगल में सहज जन सेवा केंद्र संचालक ने मृतक आश्रित सहयोग राशि के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। तीन माह बाद महिला के खाते में तीस हजार रुपये आए तो जन सेवा केंद्र संचालक ने फोन कर खाता केवाइसी के लिए बुलाया। 24 अप्रैल को महिला उसके केंद्र पर पहुंची तो वहां मौजूद पंजाब एंड सिंध बैंक का बीसी अंगूठा लगाकर 10 हजार निकाला। दूसरे दिन फिर बुलाकर 10 हजार रुपये निकाल लिया। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिली तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।