मिर्जापुर। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण रोजगार अभियान योजना के तहत जिले को अतिरिक्त मिले 11,257 आवासों में से तीन हजार 29 आवास को स्वीकृत कर तथा दो हजार 2260 चयनित लाभार्थियों के खाते में आवास की प्रथम किस्त भेजकर जिले ने प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है।
केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण रोजगार अभियान योजना में मानकों को पूरा करने के कारण उत्तर प्रदेश को पांच लाख 52 हजार अतिरिक्त आवास दिए थे। इन आवासों को प्रदेश में चयनित 31 जिलों को दिया गया। सभी को निर्देश किया गया था कि वे शीघ्र अति शीघ्र लाभार्थियों का चयन कर आवास की प्रथम किस्त उनके खातें में अंतरित कर दें। इस योजना में जिले को 11,257 आवासों का लक्ष्य दिया गया था। मुख्य विकास अधिकारी अविनाश सिंह के निर्देशन में पूरे जिले में लाभार्थियों का चयन किया। जो आवेदन आए थे। पहले उनके अभिलेखों की जांच की गई और उसके बाद भौतिक सत्यापन किया गया। उसके बाद तीन हजार 29 स्वीकृत किए गए। इसके साथ ही इनमें से दो हजार दो सौ 60 लाभार्थियों के खाते में आवास की प्रथम किस्त भी भेज दी गई। इस सक्रियता के कारण जिले को फिलहाल प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल हुआ है। शासन स्तर से इस संबंध में बुधवार को रेटिंग जारी कर जानकारी दी गई। परियोजना निदेशक ऋषिमुनि उपाध्याय ने बताया कि लाभार्थियों का चयन किया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार लाभार्थियों का चयन कर प्रथम किस्त भेज दी गई है। शेष आवासों के लिए भी शीघ्र ही चयन कर लाभार्थियों को आवास का लाभ दिया जाएगा।