चुनार। वाराणसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चुनार रेलवे फाटक के सामने बृहस्पतिवार की सुबह टहलने निकले तीन लोगों को पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को उपचार के लिए सीएचसी चचेरी मोड़ ले गई। जहां डॉक्टर ने हालत गंभीर देख ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। ट्राॅमा सेंटर ले जाते समय रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
उसमानपुर मोहल्ला निवासी सुकालू यादव (70), लाल बहादुर वर्मा (56) तथा लल्लन वर्मा (55) कुछ लोगों के साथ प्रतिदिन सुबह घर से टहलने के लिए निकलते थे। बृहस्पतिवार को भी सुबह चार से पांच की संख्या में लोग टहलने निकले थे। सुबह करीब 5:10 बजे टहलकर घर लौटते समय तीनों लोग समूह से आगे निकल गए। इस बीच पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने तीनों को कुचल दिया। हादसे के बाद मौका पाकर चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। इस हादसे में सुकालू यादव और लाल बहादुर वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। लल्लन वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर वाराणसी ले जाते समय रास्ते में लल्लन की भी मौत हो गई।
उसमानपुर मोहल्ला निवासी सुकालू यादव, लाल बहादुर वर्मा तथा लल्लन वर्मा मुहल्ले के अन्य लोगों के साथ पिछले 10 साल से नियमित रूप से टहलने निकलते थे। सभी के बीच घनिष्ठ संबंध हो गया था। सुबह सोकर उठने के बाद तैयार होकर एक दूसरे के आने का इंतजार करते थे। इनकी मौत से साथ में टहलने वालों में शोक है। सुकालू एनटीपीसी शक्तिनगर से अवर अभियंता पद से करीब 10 साल पहले सेवानिवृत्त हुए थे। उनसे एक पुत्र और एक पुत्री हैं। दोनों विवाहित हैं। लालबहादुर वर्मा रेडीमेड गारमेंट्स का व्यवसाय करते थे। उनसे दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। उनकी शादी हो चुकी है। लल्लन वर्मा प्लास्टर ऑफ पेरिस से निर्मित मूर्तियों का कारोबार करते थे। उनसे एक पुत्र आर्यन और एक पुत्री अलीषा वर्मा हैं। दोनों दिल्ली से बीटेक कर रहे हैं।
तीन लोगों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजनों के साथ ही मोहल्ले के लोग भी घटना स्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। जानकारी मिलने पर मृतकों के संबंधी तथा काफी संख्या में लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। एसडीएम राजेश कुमार वर्मा तथा तहसीलदार योगेंद्र शरण शाह भी पहुंचे। पुलिस से घटना के बारे में जानकारी ली। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया। सीओ चुनार अशोक कुमार सिंह का कहना है कि सुबह हाईवे पर टहलने निकले तीन लोगों को ट्रक ने कुचल दिया। उनमें से दो लोगों की मौके पर मौत हो गई थी। एक घायल को ट्राॅमा सेंटर भेजा गया था। ट्राॅमा सेंटर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।