हलिया। थाना क्षेत्र के हलिया-ड्रमंडगंज मार्ग पर शुक्रवार की रात करीब 11 बजे पुरवा औसान सिंह गांव के पास बाइक और साइकिल की टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए। उधर से चुनाव प्रचार कर लौट रहे एक नेता की नजर सड़क पर गिरे पड़े घायलों पर पड़ी। उन्होंने इसकी सूचना 108 नंबर डायल कर एंबुलेंस को दी। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस तीनों घायलों को पीएचसी ले गई। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया।
हरसड़ गांव निवासी 45 वर्षीय राजाराम यादव हलिया बाजार से घर लौट रहे थे। हलिया की तरफ से फुल्की की दुकान बंद कर मध्य प्रदेश के रीवा जिले के हनुमान गांव निवासी 30 वर्षीय राजेंद्र केशरवानी तथा हलिया थाना क्षेत्र के हेथेड़ा गांव निवासी 25 वर्षीय श्यामलाल बाइक से हनुमना की तरफ जा रहे थे। रास्ते में पुरवा औसान सिंह गांव के सामने कार की तेज रोशनी के कारण साइकिल सवार से बाइक टकरा गई। इस हादसे में तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से तीनों घायलों को पीएचसी भेजा गया। जहां डॉ. हर्षवर्धन ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया।