जिगना। साइबर क्राइम व ठगी पर रोक नहीं लग पाने से आए दिन घटनाएं हो रही हैं। साइबर अपराधियों ने बुधवार को एटीएम बदल कर दो लोगों के खातों से 3.9 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित थाने और बैंक का चक्कर लगा रहे हैं।
बजटा गांव निवासी अशोक कुमार प्रजापति बुधवार को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे एटीएम से रुपये निकालने बिहसड़ा बाजार गए थे। वहां उनके पीछे तीन लोग खड़े थे। उनका एटीएम मशीन में फंस गया तो पीछे खड़े व्यक्ति ने एटीएम निकाल कर बदल दिया। गैपुरा जाकर सात बार में एक लाख 34 हजार रुपये निकाल लिया। इसी थाना क्षेत्र के भावां गांव निवासी रविशंकर गुप्ता ने शिकायत की कि 25 जुलाई से 21 अगस्त के बीच उनके खाते से एटीएम से एक लाख 75 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। आरोप है मोबाइल फोन पर कोई सूचना भी नहीं आई। बुधवार को रुपये निकालने बैंक गए तो खाते में रुपये नहीं होने की जानकारी हुई। थानाध्यक्ष शैलेश कुमार राय ने बताया कि अभी मामला संज्ञान में नहीं आया है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।