मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के नकहरा गांव में घर के पास चबूतरे पर बुधवार की रात एक व्यक्ति का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे मर्च्यूरी में रखवा दिया। जानकारी होने पर पहुंचे भाई ने हत्या की आशंका जताई।
रमईपट्टी निवासी खजांती (45) चार भाइयों में छोटे थे। वे सात साल से नकहरा में एक किराए के मकान में रह रहे थे। उनकी पत्नी तीन दिन पहले बच्चाें के साथ मायके गई थीं। बुधवार की रात खजांती घर के सामने चबूतरे पर पड़े थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर गई। जहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मर्च्यूरी में रखकर परिजनों को सूचना दी। भाई ने बताया कि उनका भाई खजांती पहले उनके साथ रहता था। उसकी पत्नी विवाद करती थी तो भाई नकहरा में किराए के मकान में रहने लगा। आरोप लगाया कि उसकी पत्नी उसके भाई को परेशान करती थी। भाई को दिए बाइक में पत्नी ने आग लगा दी थी। देहात कोतवाल अजय सेठ ने बताया कि रात में चबूतरे पर मिले व्यक्ति के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।