मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के बरकछा कला गांव में बुुधवार की रात को घर में घुसे चोर बक्सा उठा ले गए। जिसमें 25 हजार नगदी, सोने-चांदी के आभूषण समेत तीन लाख का सामान था। सुबह चोरी की जानकारी होने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है।
क्षेत्र निवासी जग नरायण पाल पुत्र पारसनाथ पाल के परिवार की महिलाएं रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। जग नरायण पाल और अन्य पुरुष सदस्य घर का दरवाजा बंद करके बाहर ही सोए थे। रात को आए चोर दरवाजा खोलकर पहले रसोई में गए। वहां कुछ आवाज सुनकर परिजन अंदर गए, फिर दरवाजा बंद कर सो गए। रात को चोर दूसरे कमरे में रखे बक्से को उठा ले गए। बक्से में लगभग तीन किलो चांदी, सोने की अंगुठी और 25 हजार रुपये नगद रखा था। सुबह जब परिजन कमरे में गए तो देखा बक्सा नहीं था। इसके बाद परिजनों ने 112 पर फोन कर चोरी की सूचना दिया। सूचना पर पीआरवी कर्मी छानबीन करने आए। मकान मालिक ने बताया कि लगभग तीन लाख की चोरी हुई है। इससे पहले भी बरकछा में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल सिंह के घर पर चोरी हुई थी। जिसका खुलासा अब तक नहीं हो सका है।