मिर्जापुर। जिले के तीन थाना क्षेत्रों में बुधवार की शाम और बृहस्पतिवार को बिजली गिरने से उसकी चपेट में आकर एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई और तीन लोग झुलस गए।
देहात कोतवाली क्षेत्र के भिस्कुरी निवासी महिला की बुधवार को शाम को मड़िहान के जमुई गांव खेत में बिजली गिरने से उसकी चपेट में आकर मौत हो गई। उसका पुत्र झुलस गया। राजगढ़ के रामपुर 38 गांव के जंगल में बुधवार की रात जंगल में बिजली गिरने से उसकी चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। हलिया के बसुहरा गांव निवासी युवक की पेड़ के नीचे खड़े रहने के दौरान बिजली की चपेट में आकर मौत हो गई। देहात कोतवाली क्षेत्र के भिस्कुरी निवासी मुन्नी देवी (45) पत्नी असगर अली बुधवार को अपने परिवार के सदस्यों के साथ 35 किमी दूर मड़िहान थाना क्षेत्र के जमुई गांव स्थित अपने खेत में काम करने गई थीं। वहां बुधवार की शाम बारिश के दौरान बिजली गिरने से उसकी चपेट में आने से मुन्नी देवी और उनके पुत्र वारिस (16) झुलस गए। परिजन दोनों को सीएचसी मड़िहान ले गए। वहां से उनको उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। मंडलीय अस्पताल में मुन्नी देवी को डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वारिस को अस्पताल में भर्ती किया। परिजन शव लेकर घर चले गए। देर रात देहात कोतवाली पुलिस को बिजली से मौत की सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देहात कोतवाल बृजेश सिंह ने बताया कि मड़िहान थाना क्षेत्र में बिजली की चपेट में आने से देहात कोतवाली क्षेत्र निवासी महिला की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
उधर, देहात कोतवाली क्षेत्र के मसारी गांव निवासी उर्मिला (35) और परवाराजधर गांव निवासी बिट्टन (60) घर के पास बिजली गिरने से उसकी चपेट में आने से झुलस गईं। राजगढ़ थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव निवासी सुनील यादव (45) पुत्र हरपत यादव बुधवार को सुबह लगभग 11 बजे भैंस चराने जंगल में गए थे। बुधवार को देर रात तक सुनील घर नहीं आए। बृहस्पतिवार को सुबह भैंस जब घर पहुंच गई, तब पत्नी बच्चों के साथ उन्हें खोजने के लिए जंगल में गई। तब तक झाड़ी में शव मिलने की सूचना मिल गई। झाड़ियों के बीच सुनील मृत अवस्था में मिले। उनके हाथ में कुल्हाड़ी थी। आस-पास पेड़ भी जला था। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि बुधवार को दोपहर बाद हुई बारिश के दौरान बिजली गिरी थी। जिसकी चपेट में आने से झुलस कर सुनील की मौत हो हुई होगी। जंगल में मौत होने से पूरी रात वहीं पड़े रहे। बृहस्पतिवार को सुबह सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे राजगढ़ थाने की पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक राणा प्रताप यादव ने बताया कि रामपुर 38 गांव के कुचहवा जंगल में बिजली की चपेट में आने से झुलस कर एक व्यक्ति की मौत हुई है।
हलिया थाना क्षेत्र के बसुहरा गांव निवासी लालजी कोल (34) नहाने के बाद घर से करीब 100 मीटर दूर महुआ के पेड़ के नीचे बीड़ी पीने के लिए बैठ गए। तभी आसमान में घने बादल छा गए। गरज-चमक शुरू हो गई। इस बीच अचानक महुआ के पेड़ पर बिजली गिर पड़ी। जिसकी चपेट आने से लालजी की घटना स्थल पर मौत हो गई। तेज धमाके के साथ गिरी बिजली की आवाज सुनकर लालली का भाई विजई कोल महुआ के पेड़ के नीचे भाई को देखने के लिए गया। तो भाई मृत अवस्था में पड़ा मिला। मौत की खबर सुनते ही महुआ के पेड़ के नीचे ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्राम प्रधान राम आसरे ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी। मौके पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने घटना की सूचना हलिया थाने में दी। सूचना पर पहुंचे उप निरीक्षक बाली मौर्य ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लालजी की शादी नहीं हुई थी। वे दो भाइयों में छोटे थे। मेहनत मजदूरी कर अपना गुजर बसर करते थे। थानाध्यक्ष विष्णु प्रभा सिंह ने बताया कि बिजली की चपेट में आकर युवक की मौत हुई है।