संवाद न्यूज एजेंसी
जमालपुर। थाना क्षेत्र के रेरुपुर गांव में सोमवार देर शाम पशु चराने के लिए दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई। इसमें एक पक्ष से अजय सोनकर और मंजू देवी तथा दूसरे पक्ष से महेंद्र यादव और आशा देवी घायल हो गईं। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने देर रात महेंद्र यादव, मंजू देवी और अजय सोनकर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर बीएचयू रेफर कर दिया। आशा देवी का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही किया गया।
अजय सोनकर की तहरीर पर पुलिस ने नीरज यादव, सूरज यादव, पांचु यादव और विजय यादव के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट और मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं, दूसरे पक्ष के महेंद्र यादव की तहरीर पर नंदलाल सोनकर, बालकिशन, बलवंत और जयप्रकाश के खिलाफ मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर चार-चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।