राजगढ़। थाना क्षेत्र के चुनार मार्ग पर सेमरी बंधा के पास जंगल में बुधवार को सुबह पुलिस की 25 हजार के इनामी पशु तस्कर से मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से एक पशु तस्कर घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। मौके से पुलिस ने दो अन्य पशु तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।
राजगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी पशु तस्कर जंगल से होकर जाने वाले हैं। इसके बाद पुलिस ने राजगढ़ थाना क्षेत्र के राजगढ़-चुनार मार्ग पर सेमरी बंधा के पास जंगल में घेरेबंदी की। घेरेबंदी देख पशु तस्कर ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। बचाव करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई। गोली एक पशु तस्कर के बाएं पैर में लगी। पुलिस गोली लगने से घायल पशु तस्कर लल्लू उर्फ नवी हुसैन निवासी ग्राम खोराडीह थाना राजगढ़ को गिरफ्तार कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। लल्लू राजगढ़ थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों गनीराम उर्फ रामसागर निवासी खोराडीह थाना राजगढ़ व अंगद चौहान निवासी ग्राम रामपुर थाना चार्ट जिला भभुआ बिहार को भी गिरफ्तार किया है। गनीराम पर भी 25 हजार का इनाम घोषित है।
पुलिस ने पशु तस्करों के कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस, 11 हजार रुपये, एक चाकू, एक कुल्हाड़ी, छह मवेशी भी बरामद किया है। घटना के बाद मौके पर एएसपी ओपी सिंह पहुंचे। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी गो तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि इसी गैंग के चार पशु तस्करों को कुछ दिन पहले लालगंज थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उन्होंने कहा कि ऐसे बदमाशों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा।