मिर्जापुर। अदलहाट पुलिस ने रविवार को दहेज हत्या में आरोपी पति, सास व ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। चंदौली जिले के शहाबगंज थाना क्षेत्र के फत्तेपुर खुर्द गांव निवासी गुलाब शंकर यादव ने अपनी पुत्री प्रीति यादव की शादी अप्रैल 2018 में अदलहाट थाना क्षेत्र के खिरौड़ी गांव निवासी रामवृक्ष यादव के पुत्र दीपक यादव के साथ की थी। थाना क्षेत्र के खिरौड़ी गांव में 21 मार्च की रात प्रीति यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे में लटककर मौत हो गई। मौत होने पर मृतका के पिता गुलाब शंकर यादव ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया। तहरीर मिलने पर पुलिस ने पति समेत छह लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया। मामले में थानाध्यक्ष विजय चौरसिया ने रविवार को आरोपी पति दीपक यादव, सास जीरा देवी और ससुर रामवृक्ष यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।