मिर्जापुर। शहर कोतवाली पुलिस ने बीते रविवार को आईपीएल में सट्टेबाजी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। उनके पास से सट्टे का रेट लिखा रजिस्टर, 6100 नकद रुपये, तीन मोबाइल फोन, एक स्कूटी बरामद हुए। पुलिस ने आरोपियों को जुआ एक्ट के अलावा धोखा देकर सट्टे में पैसे लगाने का मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया।
आईपीएल मैच शुरू होते ही जिले में सटोरिये सट्टा लगाने में जुट जाते हैं। नगर क्षेत्र से लेकर विंध्याचल तक आईपीएल का सट्टा होता है। शहर कोतवाली क्षेत्र के वासलीगंज इलाके में कई साल से सटोरिये आईपीएल मैच में सट्टा लगाते आ रहे हैं। इसकी जानकारी शहर कोतवाली पुलिस के अलावा एसओजी और क्राइम ब्रांच की टीम को भी रहती थी, परंतु पिछले पांच साल से कोई कार्रवाई नहीं हो रही थी। इस बार सट्टेबाजी की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने शहर कोतवाली पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने रविवार को विनय कुमार केसरी उर्फ बंटी निवासी आचार वाली गली कोतवाली शहर, अनूप गुप्ता निवासी वासलीगंज और हिमांशु गुप्ता निवासी संकटमोचन को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया। शहर कोतवाल बाल मुकुंद मिश्रा ने बताया कि आईपीएल मैच में सट्टा लगाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी धोखा देकर मैच में पैसा लगवाते थे। इसलिए धोखाधड़ी का भी मुकदमा दर्ज किया गया है।