मिर्जापुर। जनपद न्यायाधीश के मेल पर कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की जानकारी होते ही हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने फोर्स, डाग स्क्वाॅड और एंटी सबोटाज टीम के साथ पहुंच कर कचहरी परिसर को खाली कराया। पूरे कचहरी परिसर की जांच की गई। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक पुलिस टीम ने जांच की। लेकिन कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला। मामले में न्यायालय के प्रशासनिक अधिकारी की तहरीर पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी है।
सुबह कचहरी खुलने पर जनपद न्यायाधीश का मेल चेक किया गया तो एक धमकी भरा मेल मिला। इसमें कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। न्यायालय की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। जिले के साथ अन्य जिलों में भी इस तरह का मेल आया है। न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं को बम से उड़ाने की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने पत्र जारी कर भी अधिवक्ताओं को धमकी मामले में पुलिस की जांच में सहयोग करने के लिए कहा। एएसपी सिटी नितेश सिंंह के नेतृत्व में सीओ सिटी विवेक जावला, शहर कोतवाल दयाशंकर ओझा, कटरा कोतवाल वैद्यनाथ सिंह, देहात कोतवाल अमित मिश्रा, कचहरी सुरक्षा में तैनात टीम डाग स्क्वाॅड और एंटी सबोटाज टीम के साथ पहुंचे और कचहरी परिसर को पूरी तरह से खाली कराया। इसके बाद चेकिंग अभियान चलाया गया। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक पुलिस टीम कचहरी परिसर में चेकिंग करती रही। शहर कोतवाल दयाशंकर ओझा ने बताया कि जनपद न्यायाधीश के मेल पर कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी के बाद चेकिंग की गई। न्यायालय के प्रशासनिक अधिकारी अजय कुमार की तहरीर पर धमकी भरा मेल करने वाले पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
कचहरी को उड़ाने का धमकी भरा मेल मिलने की सूचना पर न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारी, बार एसोसिएशन के सहयोग से पुलिस ने कचहरी परिसर में चेकिंग अभियान चलाया। - नितेश सिंह, एएसपी सिटी।