मिर्जापुर। नवरात्र के दौरान विंध्याचल में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए मंडलायुक्त डॉ मुथुकुमार स्वामी बी ने विंध्याचल स्थित प्रशासनिक भवन में मंगलवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को मंदिर परिसर में पान, गुटका आदि खाकर थूकने वालों का चालान कर जुर्माना लगाने का निर्देश दिया। मेला में लगाए जाने वाले स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों में पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों की तैनाती करने के साथ ही दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए एंबुलेंस में जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्ध के साथ ही तकनीकी सहायकों की तैनाती करने की हिदायत दी। उन्होंने रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को निर्देश दिया कि बसों के संचालन के लिए समय का ध्यान देने के साथ ही कौन सी बस कब और कहां जाएगी, उसकी सूची बनाकर परिसर में चस्पा कराने का निर्देश दिया। ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई कठिनाई न हो। उन्होंने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को मेला क्षेत्र में दुकानदारों को प्लास्टिक का उपयोग न करने की सलाह देने को कहा। इसके बाद भी यदि कोई दुकानदार प्लास्टिक का प्रयोग करते मिले तो उसके खिलाफ करने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को कंट्रोल रूप में नाव संचालकों के नाम व मोबाइल फोन नंबर उपलब्ध कराने को कहा। मेला क्षेत्र में तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों की सूची उपलब्ध कराने, खोया पाया केंद्र, ध्वनि विस्तारक यंत्र, अष्टभुजा गेस्ट हाउस में वीआईपी आगंतुकों के लिए सफाई कराने, अष्टभुजा रैन बसेरा में चिकित्सा शिविर लगाने आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का भी निर्देश दिया। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को घाटों की सफाई कराकर जालीदार बैरिकेडिंग कराने, शौचालय व महिलाओं के वस्त्र बदलने के लिए चेंजिग रूम का काम अविलंब पूरा कराने की हिदायत दी। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने मंडलायुक्त को अवगत कराया कि घाटों की सफाई के साथ ही जरूरी काम बुधवार की शाम पूरे करा लिए जाएंगे। मंडलायुक्त ने गलियों व प्रमुख मार्गों पर सीसी कैमरे लगवाने का भी निर्देश दिया। डीआईजी आरपी सिंह ने पुलिस अधिकारियों को मेला क्षेत्र में भीड़ पर नियंत्रण व वाहनों के प्रवेश पर रोक के लिए बैरिकेडिंग का काम पूरा कराने को कहा। उन्होंने कहा कि जहां कंट्रोल रूम बनाया गया है वहां पुलिस की एक टीम तैनात रखी जाय, ताकि किसी प्रकार समस्या होने पर संबंधित को अवगत कराया जा सके। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को वाहन स्टैंडों पर सीसी कैमरे व रेट लिस्ट समय से लगवाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा।
उन्होंने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहीत अधिकारी को मेला क्षेत्र की दुकानों में खाद्य पदार्थों गुणवत्ता की लगातार जांच कराने का निर्देश दिया। साथ ही गुणवत्ता खराब मिलने पर कार्रवाई की भी हिदायत दी। उन्होंने प्रसाद की दुकानों व अन्य दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पा कराने को कहा। उन्होंने विंध्याचल के स्टेशन अधीक्षक को रैन बसेरा की सफाई कराने के साथ ही सभी जरूरी काम पूरा कराने को कहा। सीएमओ को आयुष अस्पताल विंध्याचल में एक मेडिकल टीम शिफ्टवार तैनात करने का निर्देश दिया। उन्होंने अष्टभुजा पहाड़ी पर आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए शिविर लगवाने का भी निर्देश दिया।