ड्रमंडगंज। देवरी उत्तर गांव में शनिवार को सुबह करीब 11 बजे एक घर में घुसे दो युवक बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे 23 हजार रुपये नकद व गहने आदि उठा ले गए।
गृहस्वामी लक्ष्मीकांत चौरसिया अपनी पत्नी और बच्चे के साथ शनिवार की सुबह महोगढ़ी हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करने गए थे। इस बीच घर के अंदर तेजी से दो युवकों को बाहर निकलते देख गृहस्वामी लक्ष्मीकांत चौरसिया की बीमार मां मुनाई देवी संदेह होने पर शोर मचाने लगीं। शोर सुन लक्ष्मीकांत का भतीजा संदीप पहुंचा। तब तक दोनों युवक नकदी और गहने लेकर बाइक से भाग चुके थे। संदीप ने फोन कर चाचा को घटना की सूचना दी। घर में चोरी होने की सूचना मिलने पर पहुंचे लक्ष्मीकांत बक्से का ताला टूटा देख सन्न रह गए। सूचना मिलते ही पीआरवी के हेड कांस्टेबल नजरे हयात खान और कांस्टेबल अंकित यादव ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और थाने पर सूचना दी। सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक भरत राय ने भी घटना पर जांच पड़ताल की। गृहस्वामी ने बताया कि बच्चों की फीस जमा करने व साइकिल खरीदने के लिए बक्से में 23 हजार रुपये नकद रखे थे। बक्से में ही सोने की एक मोहर, एक सोने का मंगलसूत्र, सोने की एक नथिया और चांदी की एक जोड़ी पायल रखी थी। जिसे चोर उठा ले गए।थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि चोरी के मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।