मिर्जापुर। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा और करणी सेना द्वारा शुक्रवार को वसंत विहार मैरिज लॉन में क्षत्रिय महापंचायत का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 12 तारीख को महाराणा सांगा के सम्मान में जीआईसी मैदान में क्षत्रिय महासभा के लोग इकट्ठा होंगे। वहां से पदमार्च करते हुए वह समाजवादी पार्टी के कार्यालय लोहिया ट्रस्ट पर पहुंच कर सपा नेताओं का पुतला दहन करेंगे। उसके बाद जिला मुख्यालय का घेराव करेंगे।
कार्यक्रम संयोजक दिलीप सिंह गहरवार ने बताया कि लगातार क्षत्रिय महापुरुषों को अपमानित करने का कार्य समाजवादी पार्टी कर रही है। अब इसका बदला 2027 के चुनाव में राजपूत समाज जरूर लेगा। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने कहा कि आए दिन जिस तरीके से टिप्पणी की जा रही है। वह बर्दाश्त के काबिल नहीं है। जब तक रामजीलाल सुमन माफी नहीं मांगेंगे और अखिलेश यादव इस पूरे मुद्दे पर अपना विचार स्पष्ट नहीं करेंगे। क्षत्रिय समाज चुप बैठने वाला नहीं है। कहा कि क्षत्रिय समाज की बलिदान की परंपरा रही है हमारे शौर्य और हमारे वीरता पर यदि कोई प्रश्न चिन्ह लगाएगा तो उसको मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। बैठक में राजेश सिंह, श्याम सिंह, सुधीर कुमार सिंह, संजय सिंह गहरवार, प्रिंस सिंह आदि रहे।