मिर्जापुर। भीषण गर्मी और उमस के बीच जबरदस्त बिजली कटौती के कारण लोगों को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दो दिन से हो रही बिजली कटौती से न तो लोगों को पानी मिल पा रहा है और न ही कोई और काम हो पा रहा है।
इस समय गर्मी का अलर्ट चल रहा है। तेज धूप और लू के चलते लोग परेशान हैं। इस प्रचंड गर्मी बिजली कटौती कोढ़ में खाज का काम कर रही है। शनिवार को दोपहर में बिजली गई तो देर शाम तक आई। नगर के वासलीगंज, रामबाग, सिविल लाइन, रमईपट्टी, घंटाघर आदि स्थानों पर बिजली गायब रही। शाम को जब बिजली आई तो उसके बाद ट्रिपिंग शुरू हो गई। बिजली आई और पांच मिनट फिर चली गई।इसके बाद कई बार यह सिलसिला जारी रहा। बार-बार ट्रिपिंग से परेशान लोगों ने अपने घरों में लगे बिजली से संबंधित उपकरण बंद कर दिए, ताकि उसमें खराबी न आए। बिजली कटौती के चलते शनिवार को शाम को लोगों को पानी तक नहीं मिला। पानी के लिए उनको इधर-उधर भटकना पडरा। उधर ट्रिपिंग का सिलसिला रात 12 बजे तक चलता रहा। उसके बाद लोग निराश होकर सोने चले गए। उधर, रविवार को सुबह बिजली रही और लोगों को पानी भी मिला। लोगों को लगा कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था अब ठीक हो गई है, इस बीच दोपहर दो बजते-बजते बिजली फिर चली गई और देर शाम तक नहीं आई। विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता ओपी गुप्ता ने बताया कि शनिवार को सिविल लाइन उपकेंद्र में कुछ समस्या हो गई थी। इसके चलते बिजली कट जा रही थी। उन्होंने बताया कि जल्दी ही बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुचारु हो जाएगी।