शेरवां। स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र के लठिया सहिजनी शेरवां मार्ग पर संचालित देसी शराब की दुकान का शुक्रवार की रात को शटर तोड़कर चोर नकदी और शराब चोरी कर ले गए।
शराब की दुकान का लाइसेंस मनउर गांव के घनश्याम सिंह के नाम पर है। जहां दो सेल्समैन रखे है। प्रतिदिन की तरह सेल्समैन दीपक निवासी मुड़हुआ और बेदा निवासी डूही शुुक्रवार की रात 10 बजे दुकान बंद करके घर सोने चले गए। रात में चोरों ने घात लगाकर दुकान का शटर तोड़कर दुकान में रखे बॉक्स को तोड़ दिया। बॉक्स में रखे रुपये नगदी, देसी शराब की 25 बोतल चोरी कर ले गए। इतना ही नहीं चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरा को भी चुरा लिया। शनिवार की सुबह आसपास के लोगों ने दुकान का शटर टूटा देखा तो घनश्याम सिंह को सूचना दी। घनश्याम सिंह ने शेरवां पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे शेरवां चौकी प्रभारी संतोष सिंह ने जांच पड़ताल किया। थानाध्यक्ष राम नरायन राम ने बताया कि शराब की दुकान से नगदी सहित शराब की चोरी होने की तहरीर घनश्याम सिंह ने दी है। मामले की जांच की जा रही है।