हलिया। थाना क्षेत्र के हलिया-ड्रमंडगंज मार्ग पर पुरवा औसान सिंह गांव में शनिवार को दोपहर में बाइक सवार मां-पुत्र भैंस को बचाने के चक्कर में गिरकर घायल हो गए थे। घायलों को ग्रामीण उपचार के लिए पीएचसी हलिया ले गए। जहां डाॅक्टर ने महिला को ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया था। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में महिला की मौत हो गई।
हलिया थाना क्षेत्र के महुगढ़ गांव निवासी 25 वर्षीय ओमप्रकाश मौर्य अपनी माता 62 वर्षीय पंचराजी देवी को बाइक पर बैठाकर हलिया बाजार जा रहे थे। रास्ते में हलिया-ड्रमंडगंज मार्ग पर पुरवा औसान सिंह गांव के पास सड़क पर अचानक भैंस गई। भैंस को बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इस हादसे में मां-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीण घायलों को पीएचसी हलिया लेकर गए। जहां डॉ. विवेक खरे ने महिला को ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया था। उपचार के लिए लेकर जाते समय रास्ते में महिला की मौत हो गई। महिला की मौत सूचना पर पहुंचे ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विजेंद्र पांडेय ने मौत की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हलिया थानाध्यक्ष विष्णु प्रभा सिंह ने बताया कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरने से घायल महिला की मौत हा गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।