हलिया। थाना क्षेत्र के बडौहा गांव स्थित झरना पानी टंकी के पास रविवार को सुबह ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार महिला गिरकर घायल हो गई। महिला को उपचार के लिए पीएचसी ले जाया जा रहा था, इस बीच रास्ते में महिला की मौत हो गई। घायल का पीएचसी में उपचार कराया गया। हादसे में घायल पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक और वाहन स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
हलिया थाना क्षेत्र के परसिया खुर्द गांव निवासी कृपा शंकर अपनी 46 वर्षीय मां मनराजी को बाइक पर बैठाकर घर से देवरी बाजार जा रहे थे। बडौहा गांव स्थित झरना पानी की टंकी के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर पीछे बैठी मां सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए पीएचसी हलिया ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। कृपाशंकर ने ट्रैक्टर मालिक तथा चालक के खिलाफ नामजद तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक गौरवा गांव निवासी प्रशांत दूबे तथा चालक परसिया खुर्द गांव निवासी महेश पाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हलिया थानाध्यक्ष विष्णु प्रभा सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर से टक्कर लगने से बाइक सवार महिला की मौत हो गई है। मुकदमा दर्ज कर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।