सोनभद्र व मिर्जापुर के लोगों को जल्द ही गड्ढे में तब्दील हो चुकी सड़कों से निजात मिल जाएगी। शासन ने सोनभद्र के हाथीनाला से रेनुकूट तक तथा मिर्जापुर जिले में इटवां से लालगंज तक जर्जर हो चुकी है सड़कों की मरम्मत के लिए सात करोड़ों रुपए अवमुक्ति किए हैं। धन जारी होने के बाद विभागीय अधिकारियों ने टेंडर की प्रक्रिया भी शुरू करा दी है।
लोक निर्माण विभाग ने मिर्जापुर से लालगंज तक गड्ढे में तब्दील हो चुकी सड़कों की मरम्मत करने के लिए शासन के पास प्रस्ताव बना कर भेजा था। प्रस्ताव में कहा गया था कि मिर्जापुर से रीवां तक सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है, जिसकी मरम्मत जरूरी है।
लगभग 30 किमी तक सड़क की मरम्मत कराने के लिए एक करोड़ 20 लाख रुपये की लागत आएगी। विभाग की मांग को देखते हुए शासन ने एक करोड़ 20 लाख रुपये तो नहीं दिए लेकिन 54 लाख रुपये अवमुक्त कर दिए। पैसा पास होते ही विभागीय अधिकारियों ने टेंडर प्रक्रिया शुरू करा दी ताकि जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत कराई जा सके।
वहीं विभाग की मांग पर केंद्र सरकार ने सोनभद्र जनपद के हाथीनाला से रेनुकूट तक लगभग 22 किमी नई सड़क बनाने के लिए छह करोड़ 50 लाख रुपये का बजट अवमुक्त किया है। जल्द की सड़क बनाने का काम प्रारंभ कर दिया जाएगा।