मिर्जापुर। प्रदेश में पूर्णबंदी के दूसरे दिन रविवार को शहर से लेकर गांव की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। सड़क से लेकर गलियों तक पुलिस के जवान चौकन्ना रहे। बाजार में दवाओं की दुकान को छोड़कर शेष दुकानों के शटर गिरे रहे। गलियों में भले ही लोगो की कुछ चहल-कदमी दिखी पर सड़कें वीरान रहीं।
नगर के रमईपट्टी, सिविल लाइंस, शुक्लहा, स्टेशन रोड, संगमोहाल, महुवरिया, तेलियागंज, डंकीनगंज, मुकेरी बाजार, लालडिग्गी, इमामाबाड़ा, त्रिमुहानी, बसनई बाजार, घंटाघर, धुंधीकटरा, पेहटी का चौराहा, गिरधर का चौराहा, महुवरिया समेत अन्य बाजारो में सन्नाटा पसरा रहा। विंध्याचल, मां विंध्यवासिनी मंदिर समेत नगर के समस्त गलियों में पूर्व की भांति बंदी का असर रहा। गंगाघाटो पर सियापा छाया रहा। जिगना, स्थानीय थाना क्षेत्र के जिगना, बिहसड़ा, गैपुरा, हरगढ़, खैरा, नएपुर समेत अन्य बजार मे दुकाने पूर्व की भांति ही दूसरे दिन बंद रहे। कलवारी, स्थानीय बाजार में संपूर्ण लॉकडाउन का असर दिखा। सभी दुकाने बंद रहीं। सड़क पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग अपने-अपने घरों में कैद रहे। मड़िहान एसएचओ राजीव सिंह मयदलबल के साथ क्षेत्र के चक्रमण मे लगे रहे। कछवां, नगर पंचायत समेत ग्रामीण इलाकों में स्थित बाजार में सन्नाटा रहा। प्रमुख मार्गों पर इक्का-दुक्का वाहन को छोड़कर सन्नाटा पसरा रहा। शेरवां, स्थानीयशेरवां बाजार के अलावा विक्सी, ढेबरा चट्टी, भाईपुर चट्टी, रामपुर बाजार सहित इलाको में सन्नाटा पसरा रहा। दवा की दुकानो को छोड़कर शेष अन्य दुकानें दूसरे दिन भी बंद रहीं।
चुनार, पूर्ण बंदी के दूसरे दिन नगर क्षेत्र के बाजार सहित गली मुहल्लो में स्थित दुकानें पूरी तरह से बंद रही। मार्गो पर सन्नाटा पसरा रहा। कैलहट, कोरोना महामारी को देखते हुए प्रदेश सरकार के बंदी के दूसरे दिन रविवार को चोरी-छिपे खुली कुछ दुकानो की सूचना पर पहुुंचे हल्का इंचार्ज ने चेतावनी देते हुए बंद कराया।