आयुक्त कार्यालय सभागार में सोमवार को निर्माणाधीन व विकास कार्यों से संबंधित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आहूत की गई। बैठक को संबोधित करते हुए आयुक्त ने सभी कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देशित किया
कि वे निर्माण कार्यों को अभियान चला कर समय से पूर्ण करें। उन्होंने बल देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ किया जाए।
निर्माणाधीन व विकास कार्यों से संबंधित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए मंडलायुक्त अनिल कुमार ने कहा कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि आयुक्त ने 50 लाख या इससे अधिक लागत की उन परियोजनाओं की जिनकी भौतिक प्रगति 75 प्रतिशत से अधिक है कि भी व्यापक समीक्षा जनपदवार तथा कार्यदायी संस्थावार की।
समीक्षा में पाया गया कि जनपद मिर्जापुर में 73 परियोजनाएं उपरोक्त मानक के अंतर्गत आती हैं, जिनमें 40 परियोजनाएं पूर्ण हो गई हैं तथा 33 परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं।
जनपद भदोही में 44 परियोजनाओं में से 27 पूर्ण हैं तथा 17 निर्माणाधीन हैं। जनपद सोनभद्र में 57 परियोजनाओं में 38 पूर्ण हैं तथा 19 निर्माणाधीन हैं।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्माणाधीन परियोजनाओं में पूरी गति लाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि वे निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण कर कार्य को समय से पूर्ण कराएं।