जिला पंचायत अध्यक्ष समेत सदस्यों को गुरुवार को जिला पंचायत कार्यालय परिसर में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। जिलाधिकारी की गैर मौजूदगी में मुख्य विकास अधिकारी अमित सिंह ने सदस्यों और अध्यक्षों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सभी दलों के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। चार सदस्यों ने शपथ ग्रहण समारोह में भाग नहीं लिया।
जिला पंचायत कार्यालय के समक्ष आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए जिला पंचायत सदस्य समय से पूर्व ही पहुंच गए थे। उनके साथ उनके क्षेत्रों से समर्थक भी पहुंचे थे। समारोह में सबसे पहले मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार सिंह ने दूसरी बार जिला पंचायत अध्यक्ष चुनी गईं प्रमिला सिंह को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाया। इसके बाद अध्यक्ष प्रमिला सिंह ने सामूहिक रूप से जिला पंचायत सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान पारो यादव, सविता, अमरेश एवं कल्याण ने शपथ नहीं लिया। कल्याण एवं अमरेश ने समारोह में मौजूद रहने के बावजूद शपथ ग्रहण नहीं किया। उनका कहना था कि वे बाद में शपथ ग्रहण करेंगे। शपथ ग्रहण के बाद नव निर्वाचित अध्यक्ष प्रमिला सिंह ने कहा कि जिले के विकास के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ा जाएगा। एमएलसी श्यामनारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह ने कहा कि जिले के लोगों ने उन्हें जिस कदर प्यार दिया है उसके प्रति मैं आजीवन ऋणी रहूंगा।
विधायक डा. रमेश चंद बिंद, विधायक ललितेश पति त्रिपाठी ,एमएलसी केदार नाथ सिंह, पूर्व पालिकाध्यक्ष अरुण कुमार दूबे ने भी विचार रखे। बसपा जोनल क्वार्डिनेटर अखिलेश अंबेडकर, जोनल क्वार्डिनेटर गुड्डू राम, बसपा जिलाध्यक्ष राजेश गौतम, परवेज खान, संजय गहरवार, सिद्धनाथ सिंह, नीलम सिंह बलराम यादव आदि उपस्थित रहे।