पटेहरा। संतनगर थाना क्षेत्र के पटेहरा कला गांव में डेयरी फार्म के आगे दीपनगर कोटवा-संपर्क मार्ग पर बुधवार को तेज रफ्तार पिकअप बाइक में टक्कर मारते हुए सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई थी। देर रात ट्राॅमा सेंटर में उपचार के दौरान पिकअप वाहन के खलासी की भी मौत हो गई।
ककरद गांव निवासी पिकअप चालक अनिल कुमार गांव के ही वीरेंद्र (32), हरिशचंद्र (22) तथा दो अन्य साथियों के साथ ककरद से सामान लादकर बहुती गांव में उतारने के बाद लौट रहे थे। रास्ते में डेयरी फार्म से 500 मीटर पहले पिकअप अनियंत्रित होकर बाइक में टक्कर मारते हुए सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में बाइक सवार प्रमुख कोल (39) पुत्र कल्लू कोल निवासी तेंदुहानी दुबार कला थाना लालगंज की मौत हो गई थी। इस हादसे में पिकअप सवार घायलों को उपचार के लिए पटेहरा पीएचसी भेजवाया गया। वहां से घायलों को ट्रॉमा सेंटर मिर्जापुर भेजा गया। जहां उपचार के दौरान डाॅक्टर ने पिकअप के खलासी हरिश्चंद्र को मृत घोषित कर दिया। बृहस्पतिवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। हरिश्चंद्र पिकअप पर खलासी का काम करता था। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। इसमें बाइक सवार की बुधवार को मौके पर और पिकअप के खलासी की देर रात अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई।