मिर्जापुर। मंडलीय अस्पताल में कहने के लिए तो दो डिजिटल एक्सरे मशीन हैं, परंतु इस समय मरीजों का एक्सरे सिर्फ नई मशीन से की जा रही है। एक्सरे मशीन का स्थान तो बदल गया हैं, परंतु व्यवस्था नहीं बदली है। यहां न तो मरीजों के लिए बैठने की सुविधा है और न ही गर्मी में पंखे की ही बेहतर व्यवस्था है। एक्सरे के लिए नंबर दो से तीन घंटे बार आ रहा है। दर्द से कराहते मरीज घंटों भीड़ में खड़े रहने के लिए विवश हो रहे हैं।
मंडलीय अस्पताल में इस समय दो डिजिटल एक्सरे समेत तीन मशीनें हैं। नई डिजिटल एक्सरे मशीन पुरानी इमरजेंसी वार्ड के पास लगाई गई है। दस दिनों से नए डिजिटल एक्सरे मशीन का संचालन शुरू हुआ है, परंतु जिस गलियारे में डिजिटल एक्सरे मशीन का संचालन हो रहा है, वहां प्रकाश और हवा की कमी है। साथ ही एक्सरे के लिए लंबी लाइन और भीड़ के चलते अन्य मरीजों को आने-जाने में समस्या होती है। एक्सरे कराने आने वाला हर मरीज दर्द से तड़पता रहता है और उसे घंटों लाइन में लगकर एक्सरे के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। तमाम लोग जमीन पर बैठने को विवश हैं। हाल ही में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने भी अस्पताल का निरीक्षण किया तो मरीजों ने व्यवस्था नहीं होने की शिकायत की थी। जिलाधिकारी ने भी हालत देख व्यवस्था में सुधार करने का निर्देश दिया था, परंतु कोई सुधार नहीं हुआ।