केंद्रीय मंत्री बोले, सरकार व्यापारियों के साथ
सरकार के मंत्रियों और संासद की टीम ने बुधवार रात व्यापारी सम्मेलन में जनता से सीधा संवाद स्थापित करते हुए केंद्र सरकार के दो वर्षों के कामकाज का हिसाब दिया। नगर के लालडिग्गी स्थित मैदान में हुए आयोजन के दौरान भाजपा नेताओं ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ है और उनका अहित नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान स्किल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और स्टैंड अप इंडिया पर बातें हुईं।
केंद्रीय टीम का नेतृत्व कर रहे जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल उरांव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि न खाऊंगा और न खाने दूंगा। इस पर वह खरे उतर रहे हैं। उन्होंने सराफा व्यापारियों को आश्वस्त किया कि एक्साइज इंस्पेक्टर उनका उत्पीड़न नहीं करेगा। कुछ बड़े व्यापारियों के कार्यों पर नजर रखने के लिए एक्साइज ड्यूटी लगाई गई है। कहा कि यदि मिर्जापुर के व्यापारी पीतल के व्यवसाय को बदल कर स्टील का प्लांट लगाने की सोच रहे हैं तो वे उनकी मदद करने के लिए तैयार हैं। कहा कि कई अन्य राज्यों में कोल और गोंड जातियों को जनजातीय का दर्जा मिला है, इस क्षेत्र के कोल और गोंड जातियों को भी जनजातीय का दर्जा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा कि देश की मजबूती के लिए तगड़ी अर्थव्यवस्था जरूरी है। विश्व में भारत का मान बढ़ाने में व्यापारियों का बहुत योगदान है। आज जब दुनिया की अर्थव्यवस्था लड़खड़ा रही है, तब मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत है। कहा कि ढाई लाख किलोमीटर सड़क बना कर भारत की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने की केंद्र सरकार की कोशिश है।
कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कुछ लोग दिल्ली में सत्ता से दूर होने पर बिन पानी के मछली की तरह तड़प रहे हैं।
राज्यसभा के सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने धान मिलरों की समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। कहा कि व्यापारी सरकार को टैक्स देते हैं, लेकिन बदले में उन्हें पर्याप्त सम्मान नहीं मिलता है।
कहा कि केंद्र सरकार वायु, रेल और सड़कों से शहरों को जोड़ कर उनका विकास करने की सोच रखती है। कहा कि मिर्जापुर में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने पीतल उद्योग में लगे मजदूरों के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए उनके विकास पर जोर दिया।