फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mirzapur News: दो डिग्री लुढ़का पारा, फिर भी झुलसाने वाली धूप और तीखी गर्मी से नहीं मिली राहत

विज्ञापन
नगर का सबसे व्यस्तम मार्ग त्रिमुहानी, दोपहर सड़क पर छाया रहा सन्नाटा।-संवाद।
विज्ञापन
मिर्जापुर। मई के दूसरे पखवाड़े में सूरज आग उगल रहा है। मंगलवार को 24 घंटे में अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 42 डिग्री पहुंच गया, लेकिन फिर भी झुलसाने वाली धूप और तीखी गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिली। सुबह से ही तेज धूप और तपिश के चलते लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। दोपहर के समय शहर की सड़कें और बाजार सूने नजर आए।
विज्ञापन

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि सोमवार को अधिकतम 44 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस था। न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी होने से उमस और बढ़ गई। भीषण गर्मी और उमस के बीच रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, वासलीगंज, आर्यकन्या रोड, गिरधर चौराहा, तेलियागंज, डंकीनगंज, घंटाघर, बसनई बाजार, त्रिमुहानी और मुकेरी बाजार समेत कई सार्वजनिक स्थानों पर दोपहर में सन्नाटा पसरा रहा। सड़क किनारे लगे जूस और शीतल पेय पदार्थों की दुकानों पर लोग राहत पाने की कोशिश करते नजर आए। घरों में चल रहे पंखे भी गर्म हवा उगलते रहे, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल सकी। दिनभर तपिश और उमस के कारण लोग बेहाल रहे।
इनसेट
13 मई से 19 मई तक जिले में पिछले सात दिनों के तापमान की स्थिति-

दिनांक- अधिकतम- न्यूनतम

13 मई 2026- 40 25

14 मई 2026- 40 25

15 मई 2026- 41 25

16 मई 2026- 42 26

17 मई 2026- 43 26
18 मई 2026- 44 25
19 मई-2026- 42 27


-तापमान डिग्री सेल्सियस में

47 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, लू का अलर्ट जारी

मिर्जापुर। ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, भू-भौतिकी विभाग, बीएचयू वाराणसी के नोडल अधिकारी प्रो. रवि शंकर सिंह व तकनीकी अधिकारी (मौसम वैज्ञानिक) शिव मंगल सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके चलते तेज धूप और लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।
विज्ञापन

मौसम वैज्ञानिक ने किसानों को फसलों में हल्की सिंचाई करने तथा सब्जी एवं बागवानी फसलों में मल्चिंग की सलाह दी है। साथ ही पशुपालकों से पशुओं को छायादार स्थान पर रखने और पर्याप्त स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने को कहा है। आम लोगों से दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की गई है।
आंधी-तूफान से बर्बाद फसलों पर उद्यान विभाग से मिलेगी राहत

मई में आई आंधी, तूफान और बारिश से औद्यानिक फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए उद्यान विभाग ने कवायद तेज कर दी है। जिले के फल एवं सब्जी उत्पादक किसानों को फसल क्षति पर क्षतिपूर्ति दिलाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। जिला उद्यान अधिकारी मेवाराम ने यह जानकारी दी। उद्यान मंत्री की अध्यक्षता में बैठक में मौसमी आपदा से प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जिले के ऐसे किसानों से आवेदन मांगे गए हैं, जिनकी फल एवं शाकभाजी की फसल आंधी, बारिश से प्रभावित हुई है। किसान अपने नुकसान से संबंधित भू-अभिलेख, जियो टैग फोटोग्राफ्स, वीडियो एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज कार्यालय जिला उद्यान अधिकारी, एसपी ऑफिस परिसर, कचहरी मिर्जापुर में जमा करें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें