मुठभेड़ में गिरफ्तार फरीद अहमद। स्रोत-पुलिस
मिर्जापुर। जिम में आने वाली महिलाओं के साथ दोस्ती कर उनका अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल और धर्म परिवर्तन कराने के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को बड़ी कार्रवाई की है। देहात कोतवाली क्षेत्र के खड़ंजा फाल के पास से मामले के मुख्य आरोपी फरीद को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया। फरीद के बाएं पैर में गोली लगी है। वहीं, दोपहर में उसके पार्टनर जीआरपी में हेड कांस्टेबल इरशाद खां को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आयरन फायर जिम में पार्टनर हैं। मामले का खुलासा डीआईजी सोमेन बर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में बृहस्पतिवार की शाम पत्रकार वार्ता कर किया। पुलिस को सूचना मिली कि देहात कोतवाली क्षेत्र के खड़ंजा फाल में फरीद छिपा है। इस पर देहात कोतवाल अमित मिश्रा व एसओजी प्रभारी राजीव सिंह की टीम ने दबिश दी। गिरफ्तारी से बचने के लिए फरीद ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें फरीद अहमद निवासी पक्की सराय घंटाघर कोतवाली शहर के बाएं पैर में गोली लगी है। घायल फरीद अहम को पुलिस अभिरक्षा में मंडलीय अस्पताल भिजवाया गया। उसके पास से तमंचा, खोखा, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया। मामले में पुलिस ने दोपहर में फरीद के जिम पार्टनर और जीआरपी माधो सिंह स्टेशन पर तैनात हेड कांस्टेबल इरशाद अहमद को भी गिरफ्तार कर लिया। पूरे मामले में फरीद और जहीर मुख्य सरगना है। इरशाद भी इनका साथ देता था। मामले की जांच की जा रही है। अन्य दोषियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। डीआईजी सोमेन बर्मा ने बताया कि देहात, शहर व कटरा कोतवाली क्षेत्र में संचालित जिम केजीएन की तीन शाखाओं, आयरन फायर और बी फिट जिम में आने वाली लड़कियों से दोस्ती करके प्रेम जाल में फंसा कर उनका अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धर्म परिवर्तन करने के मामले में कार्रवाई जारी है। पुलिस दो जिम के मालिक जहीर, सादाब और दो ट्रेनर मोहम्मद शेख अली आलम व फैजल खान को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज चुकी है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी थी।