विंध्याचल मंडल के आयुक्त अनिल कुमार ने सोमवार को विकास भवन सभागार में मंडल के तीनों जनपदों में कराए जा रहे विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा की।
इस दौरान तीनों जिलों में पीसीएफ द्वारा धान खरीद की प्रगति कम होने पर आरएमपीसीएफ पर एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया।
मनरेगा के मद से सिंचाई विभाग द्वारा कराए गए कार्यों की कम प्रगति होने और गलत रिपोर्ट देने पर अधीक्षण अभियंता सिंचाई व अवर अभियंता विनय कुमार को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया।
कमिश्नर ने मनरेगा में खराब प्रगति रहने और प्रदेश में सी ग्रेड आने पर सीडीओ सोनभद्र, उपायुक्त मनरेगा मिर्जापुर और मनरेगा में कम प्रगति, भुगतान नहीं करने पर मुख्य वन संरक्षक, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता व अधीक्षण अभियंता सिंचाई से स्पष्टीकरण मांगा।
कहा कि अधिकारी अपने कार्यों में सुधार लाएं और शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करें। संत रविदास नगर में विद्युतकरण कार्य में खराब प्रगति पर मुख्य अभियंता विद्युत से स्पष्टीकरण की मांग की गई।