जिगना। विंध्याचल थाना क्षेत्र के अकोढ़ी गांव में एक माह पूर्व हुई मारपीट में घायल की उपचार के दौरान ट्रामा वाराणसी में मौत हो जाने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने गांव में फोर्स तैनात कर दी।
मामले में दो आरोपी गिरफ्तार हो चुके है। गांव में अचानक फोर्स देखकर गांव में गोली चलने की भी अफवाह फैल गई थी।
क्षेत्र निवासी सूर्यमणि तिवारी और इनके पट्टीदार भरत तिवारी में रास्ते की जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों में 22 जून को कहा सुनी के दौरान मारपीट हुई थी। इसमें एक पक्ष से विंध्यवासिनी तिवारी, त्रिलोचन, सूर्यमणि, लक्ष्मण, सुनील, अनिल सहित महिलाएं भी घायल हुई थी। दूसरे पक्ष के लोगों को भी चोटे आई थी। गंभीर रूप से घायल 55 वर्षीय सूर्यमणि तिवारी का इलाज ट्रामा सेंटर वाराणसी उपचार चल रहा था। जिनकी मंगलवार की भोर मौत हो गई। मौत होने के कारण गांव में किसी तरह का विवाद न हो। इसे देखते हुए पुलिस अधीक्षक डा. धर्मवीर सिंह ने पुलिस और पीएसी के जवानो की गांव में तैनाती की। सुबह फोर्स पहुंचने पर अफवाह उड़ गई कि गांव में गोली चली है। एसपी सिटी संजय कुमार, सीओ सुधीर कुमार, प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल शेषधर पांडेय पुलिस, पीएसी और महिला जवानों के साथ मौजूद रहे। प्रभारी निरीक्षक शेषधर पांडेय ने बताया कि मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।