मिर्जापुर। थानों पर एक भी मुकदमा लंबित न रहे इसके लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जनपद न्यायाधीश ने एक नई पहल की है। इसके तहत एक थाना चिह्नित कर वहां पर मिनी लोक अदालत लगाकर सभी न्यायिक अधिकारियों को बैठाया जाएगा। जिससे उस थाने के सभी मुकदमों का निस्तारण किया जा सके। 31 मई को मड़िहान थाना में मिनी लोक अदालत लगाकर राजगढ़ थाने के सभी मुकदमों का निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा।
जनपद न्यायाधीश अरविंद कुमार मिश्रा द्वितीय ने बताया कि एक प्रयास किया जा रहा है। ऐसा प्रयास देश में पहली बार हो रहा है। इसमें एक थाने को मुकदमा विहीन बनाने का प्रयास होगा। गरीब जनता को न्याय दिलाने के लिए यह पहल की जा रही है। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग के साथ 31 मई को मड़िहान तहसील में मिनी लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। उस थाने के सारे मुकदमों को निस्तारित करने का प्रयास होगा। इसमें अलग-अलग कोर्ट के ज्यादा से ज्यादा न्यायिक अधिकारी रहेंगे। जिसके मुकदमें उस थाने है वह जिला विधिक सेवा प्राधिकारण और संबंधित न्यायालय से संपर्क करें। मुकदमा निस्तारण के संबंध में प्रार्थना पत्र देकर इस पहल का लाभ उठाएं। इसकी शुरूआत राजगढ़ थाने से हो रही है। इस थाने में दर्ज सभी मुकदमों को निस्तारित करने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद दूसरे थानों पर यह प्रयोग किया जाएगा। न्यायालय के दरवाजे सबके लिए खुले रहेंगे। जिनका मुकदमा है वो आए उसका निस्तारण किया जाएगा।
........................................................
जनपद न्यायाधीश ने प्रचार वाहन किया रवाना
फोटो- छह
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। 10 मई को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए जिला न्यायाधीश अरविंद कुमार मिश्रा द्वितीय ने सोमवार को दीवानी न्यायालय परिसर में हरी झंडी दिखाकर प्रचार वाहन को रवाना किया। जनपद न्यायाधीश ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में ज्यादा से ज्यादा मुकदमों का निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। प्रचार वाहन जिले भर में घूम कर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी देगा।