मिर्जापुर। जिले में भी यास तूफान का व्यापक असर देखने को मिला। रात से ही आसमान में बादल छाए रहे। सुबह से जो बारिश शुरू हुई कि पूरे दिन सिलसिला चलता रहा। झमाझम बारिश के चलते मौसम खुशनुमा हो गया है। तापमान में एकाएक गिरावट आ गई। वहीं दूसरी ओर जगह जगह पानी भर जाने से लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा। जारी चेतावनी और मौसम पूर्वानुमान की मानें तो शुक्रवार को भी मौसम इसी तरह बना रहेगा।
बारिश के चलते कई स्थानों पर जगह-जगह पानी भर गया। हवा की गति सामान्य रही। बुजुर्गों की माने तो मई माह में पिछले कई वर्षों से ऐसी बारिश नहीं हुई। मई महीने में कई सालों में पहली बार इतनी बारिश हुई है। नगर में कुछ इलाकों में पानी भरने से लोग परेशान रहे। शास्त्री सेतु से इमामबाड़ा मार्ग पर सड़कों पर फैले कीचड़ के चलते आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। रोडवेज परिसर में जगह-जगह भरे पानी से यात्री परेशान दिखे। ग्रामीण क्षेत्रों नाले और नालियों की साफ-सफाई न होने से कुछ स्थानों पर लोगों को जलभराव का सामना करना पड़ा। रमईपट्टी- खजुरी मार्ग पर लोगों का चलना दूभर हो गया। वहीं कई कालोनियों में पानी भरने से भी आवागमन की समस्या खड़ी हो गई। ग्रामीण इलाकों में क्रय केंद्रों पर किसान अपने गेहूं बचाने में जुटे रहे। कलवारी, क्षेत्र में हो रही बारिश से बाजार में चारों तरफ पानी ही पानी दिख रहा है। लोगों ने कयास लगाया कि यास तूफान से ही क्षेत्र में बारिश हो रही है। समय से पहले हो रही बरसात से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ दिखाई दे रही हैं। पानी गिरते ही किसान धान की नर्सरियां डालने में जुट गए।