भैरव अष्टमी के पावन अवसर पर विंध्याचल सहित नगर में स्थित बाबा भैरव नाथ जी मंदिर में बड़े ही श्रद्धाभाव से पूजन-अर्चन किया गया। भैरव नाथ जी तरह-तरह के फूलों से किया गया भव्य श्रृंगार दर्शन कर श्रद्धालु निहाल हो उठे।
घंटा-घड़ियाल, शंख और बाबा के जयकारे से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो रहा था। मंदिर परिसर से भक्तों के बीच प्रसाद वितरण होता रहा, वहीं परिसर में देर रात तक भजन कीर्तन का दौर चलता रहा।
नगरीय इलाकों सहित जनपद के ग्रामीण अंचलों में गुरुवार को भैरव अष्टमी बड़े ही श्रद्धाभाव से मनाया गया। मंदिरों में बाबा भैरव नाथ जी के दिव्य स्वरूप का दर्शन-पूजन करने के लिए श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा।
श्री भैरव नाथ जी का फूलों एवं नींबू से किया गया भव्य श्रृंगार का दर्शन पाकर श्रद्धालु भावविह्वल हो उठे। मंदिर का आकर्षक फूल-पत्तियों सहित बिजली के रंग-बिरंगे झालरों से की गई सजावट एक अलौकिक छटा बिखेर रही थी।
विंध्याचल स्थित कोतवाल भैरव, कंतित स्थित लाल भैरो, अष्टभुजा स्थित भैरव कुंड, में सुबह से देर रात तक दर्शन-पूजन का दौर चलता रहा।