समाजवादी श्रवण यात्रा के तहत जनपद से 23 तीर्थयात्रियों का जत्था सहयोगियों संग शुक्रवार की शाम लखनऊ के लिए रवाना हुआ। तीर्थयात्री लखनऊ से हरिद्वार और ऋषिकेश की यात्रा के लिए प्रस्थान करेंगे। इस नि:शुल्क तीर्थ यात्रा को लेकर लोगों में उत्साह देखते बन रहा था। हालांकि कुछ लोग पंजीयन के बावजूद नहीं पहुुंचे।
नगर मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार मिश्र ने समाजवादी श्रवण यात्रा के तीर्थयात्रियों को शुक्रवार की देर शाम हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की लोकप्रिय योजना समाजवादी श्रवण यात्रा में 23 तीर्थ यात्री शामिल हुए। प्रत्येक तीर्थ यात्रियों के साथ एक सहयोगी यात्रा के लिए गए हैं। इन यात्रियों को दो बसों से लखनऊ रवाना किया गया। इस अवसर पर सभी यात्रियों एवं उनके सहयोगियों को लंच पैकेट तथा एक बोतल पानी भी दिया गया। नगर मजिस्ट्रेट ने कहा की 60 वर्ष से उपर के लोगों को नि:शुल्क तीर्थ यात्रा कराने की मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना के तहत अगले वर्ष भी लोगों को लाभावांतित किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्ति निरीक्षक अरुण वर्मा, ओम प्रकाश उपाध्याय, लक्षमण उमर, राजकमल सिंह, रत्नेश श्रीवास्तव, गिरधारी यादव, शिव कुमार यादव, मुश्ताक अहमद, शमसीर खां, प्रतीक अग्रवाल आदि मौजूद रहे।